
बेमेतरा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
बेमेतरा छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को बेमेतरा जिले में ACB की टीम ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी पर जमीन बंटवारे और ऋण पुस्तिका बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार साजा तहसील क्षेत्र के रहने वाले नरोत्तम साहू ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी जमीन के बटांकन और खाता विभाजन के कार्य के बदले पटवारी 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत के सत्यापन के दौरान मामला सही पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पटवारी ने बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई थी।
इसके बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। सोमवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पटवारी को 15 हजार रुपये दिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
ACB ने आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।



















