
मैच के दौरान आया हार्ट अटैक, 39 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। कर्नाटक के पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने 39 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके अचानक निधन से क्रिकेट जगत, खासकर कर्नाटक क्रिकेट समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार एसएल अक्षय रविवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के तीसरे डिवीजन मैच में सैफायर क्रिकेट क्लब की ओर से खेल रहे थे। मैच के दौरान चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद उन्होंने असहज महसूस होने की शिकायत की और मैदान से बाहर चले गए।
इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रणजी विजेता टीम का हिस्सा रहे थे अक्षय
एसएल अक्षय कर्नाटक की उस टीम का हिस्सा रहे थे, जिसने 2014-15 सीजन में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था। उन्होंने 2011 से 2013 के बीच कर्नाटक के लिए 6 फर्स्ट क्लास, 3 लिस्ट-ए और 9 टी20 मुकाबले खेले थे।
अपने क्रिकेट करियर के दौरान उन्होंने केएल राहुल और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ियों के साथ भी क्रिकेट खेला।
संन्यास के बाद भी जुड़े रहे क्रिकेट से
क्रिकेट से सक्रिय संन्यास लेने के बाद भी अक्षय खेल से जुड़े रहे। वह जूनियर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे थे और कर्नाटक अंडर-19 टीम के साथ कोचिंग की जिम्मेदारी निभा रहे थे। युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में उनकी अहम भूमिका मानी जाती थी।
KSCA ने जताया शोक
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। संघ ने कहा कि एसएल अक्षय ने कर्नाटक के लिए शानदार क्रिकेट खेला और खेल करियर खत्म होने के बाद भी पूरी निष्ठा के साथ क्रिकेट की सेवा करते रहे।
उनके निधन पर कई खिलाड़ियों, कोचों और क्रिकेट अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।



















