रायपुर में आधी रात बमबाजी से फैली दहशत

0
9

पुरानी रंजिश में घर पर हमला, चाकू लहराकर दी धमकी


रायपुर राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित वीर सावरकर नगर, हीरापुर में आधी रात बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल बन गया।

पीड़िता रिंकू तिवारी के मुताबिक उनके बेटे शुभम तिवारी और आरोपी सोनू पटेल के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब छह महीने पहले शुभम पर सोनू पटेल की नाबालिग बहन से छेड़छाड़ का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।

बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे सोनू पटेल अपने कुछ साथियों के साथ रिंकू तिवारी के घर पहुंचा और अचानक बम फेंककर हमला कर दिया। धमाके की तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर के बाहर चाकू लहराते हुए धमकी देने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों में कुछ नकाबपोश युवतियां भी शामिल थीं, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गईं।

सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने रिंकू तिवारी की शिकायत पर सोनू पटेल और उसके साथियों के खिलाफ बमबाजी, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here