रायपुर में चाकूबाजी करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार, हत्या की नीयत से किया था हमला

0
22

रायपुर

राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सवारी उठाने को लेकर हुए विवाद में एक ऑटो चालक ने दूसरे चालक पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रिजवान खान उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना 24 मई की रात करीब 11:30 बजे नया बस स्टैंड भाठागांव के पास हुई। प्रार्थी मोहम्मद जफर अपनी ऑटो लेकर बस स्टैंड पर खड़ा था, तभी आरोपी रिजवान खान वहां पहुंचा और सवारी उठाने को लेकर विवाद करने लगा। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि “यह इलाका मेरा है, यहां से सवारी मत उठाओ” और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया।

हमले में घायल होने के बाद पीड़ित ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देशन में टिकरापारा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने मुखबिरों की सूचना और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी रिजवान खान उर्फ बिल्लू (22 वर्ष), निवासी संतोषी नगर, टिकरापारा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि शहर में चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here