
नई दिल्ली। महीने के पहले दिन आम लोगों और कारोबारियों को महंगाई का झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने 1 जून से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 42 रुपये की वृद्धि की गई है।
दिल्ली में नई कीमतें लागू
नई दरों के बाद राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 3,113.50 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया है, जिसके बाद इसकी कीमत 821 रुपये हो गई है।
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत
हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है और उनके मासिक बजट पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
ईंधन सुरक्षा पर सरकार का जोर
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार देश की ऊर्जा और ईंधन सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत रणनीतिक भंडार तैयार किए जा रहे हैं और बाजार में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
कालाबाजारी पर सख्ती
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है। संबंधित एजेंसियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लागत पर पड़ सकता है।

















