
बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे श्रमिक, पांच अन्य घायल
कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के कलगांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य के दौरान हुई इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
बारिश से बचने पेड़ के नीचे लिया था सहारा
जानकारी के अनुसार, तालाब निर्माण कार्य में करीब 50 मजदूर लगे हुए थे। काम के दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली पेड़ पर गिर गई।
उपसरपंच समेत दो की मौत
हादसे में गांव के उपसरपंच धनराज पटेल सहित एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन महिलाओं और दो पुरुषों समेत पांच लोग घायल हो गए।
अस्पताल में चल रहा उपचार
घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तत्काल अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



















