
रायपुर, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 100 अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, तबादला सूची में 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और 24 अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न पदों पर कार्यरत 23 अन्य कर्मचारियों का भी स्थानांतरण किया गया है।
इन पदों पर भी हुए तबादले
विभाग की ओर से जारी सूची के मुताबिक, पांच लेखापाल, चार स्वास्थ्य निरीक्षक, चार भृत्य, तीन कैशियर और तीन सहायक ग्रेड-3 के कर्मचारियों का तबादला किया गया है। इसके साथ ही एक-एक स्टेनोग्राफर, सहायक राजस्व निरीक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक का स्थानांतरण भी किया गया है।
तीन सीएमओ निलंबन से बहाल, विभागीय जांच जारी
विभाग ने तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान को निलंबन से बहाल किया है। हालांकि, उनके विरुद्ध विभागीय जांच जारी रहेगी।
बहाली के बाद विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका, विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
आदेश के अनुसार, तीनों अधिकारियों के निलंबन अवधि का निराकरण उनके विरुद्ध चल रही विभागीय जांच के गुण-दोषों के आधार पर अलग से किया जाएगा।



















