जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर हादसा, 5 यात्री और पायलट थे सवार; बचाव अभियान जारी

0
10

देहरादून। उत्तराखंड के जोशीमठ के पास छई गांव में बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार होने की सूचना है। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय हो गई हैं।

ड्रोन से तलाश, पायलट से संपर्क नहीं

हादसे के बाद पायलट से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। खराब मौसम के बीच खोजबीन और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

यूकाडा के अधिकारियों के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की लोकेशन छई गांव के ऊपर स्थित सेना कैंप के पास दिखाई दी है। जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल ने भी हेलीकॉप्टर में पांच यात्रियों और एक पायलट के सवार होने की जानकारी दी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेलीकॉप्टर पूरी तरह क्रैश हुआ है या उसकी क्रैश लैंडिंग हुई है।

सीएम धामी ने बचाव अभियान की जानकारी दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना मिलने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की सुरक्षित वापसी की कामना भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here