
कवर्धा। कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर और आसपास के वन क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी से जुड़ी सूचनाओं के बाद वन विभाग ने तलाश और निगरानी अभियान तेज कर दिया है। पिछले करीब दो सप्ताह से वन विभाग की टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में गश्त कर रही हैं। तेंदुए की तलाश के लिए दिन में सामान्य ड्रोन और रात में थर्मल ड्रोन की मदद ली जा रही है। वहीं, वन्यजीव विशेषज्ञों की देखरेख में पिंजरे लगाकर उसे सुरक्षित पकड़ने की तैयारी की गई है।
शहर के कई इलाकों में दिन-रात गश्त
वन विभाग के अनुसार, समाचार पत्रों, व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया के माध्यम से तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाएं मिली थीं। इसके बाद कवर्धा और भोरमदेव अभयारण्य के परिक्षेत्र अधिकारियों ने विशेष गश्ती दल गठित किए।
टीमें पिछले दो सप्ताह से रोजाना सुबह 4 से 8 बजे तक और शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक निगरानी कर रही हैं। शिक्षक कॉलोनी, राजमहल, समनापुर रोड, खूंटू रोड, साधना नगर, लकड़ी टाल, मठ पारा, नवीन बाजार और 17वीं बटालियन परिसर में विशेष नजर रखी जा रही है।
ड्रोन से तलाश, चार स्थानों पर लगाए पिंजरे
तेंदुए की तलाश के लिए सुबह सामान्य ड्रोन और रात में थर्मल ड्रोन से निगरानी की जा रही है। अभियान में कानन पेंडारी, बिलासपुर और जंगल सफारी, रायपुर के वन्यजीव विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।
विशेषज्ञों की देखरेख में लकड़ी टाल, मठ पारा, नवीन बाजार और 17वीं बटालियन परिसर में पिंजरे लगाए गए हैं। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरों में बकरी रखी गई है।
AI से बने फर्जी फोटो-वीडियो फैलाने वालों को चेतावनी
वन विभाग ने बताया कि कुछ लोग सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में तेंदुआ दिखाई देने के अपुष्ट संदेशों के साथ AI से तैयार भ्रामक फोटो और वीडियो भी प्रसारित कर रहे हैं। इससे लोगों में डर का माहौल बन रहा है और वन विभाग के अभियान में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी भी फोटो, वीडियो या संदेश को साझा या फॉरवर्ड न करें। तेंदुआ दिखाई देने पर इसकी सूचना सीधे वन विभाग के अधिकृत अधिकारियों या कर्मचारियों को दें।
अफवाह फैलाने वालों पर FIR की तैयारी
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि जानबूझकर भ्रामक या अफवाहजनक सामग्री बनाने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 353, 336, 221 और 223 के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई की बात कही है।
ऐसे मामलों की साइबर सेल और पुलिस के सहयोग से जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।
वन विभाग ने नागरिकों से की सावधानी बरतने की अपील
वन विभाग ने लोगों को सुबह जल्दी और देर रात अकेले बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बच्चों और पालतू पशुओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास जाने, पीछा करने, फोटो-वीडियो बनाने या भीड़ लगाने से बचने की अपील की गई है।
इन नंबरों पर दें सूचना
तेंदुआ दिखाई देने या उससे संबंधित किसी भी जानकारी के लिए वन विभाग ने संपर्क नंबर जारी किए हैं।
- परिक्षेत्र अधिकारी, कवर्धा: 9981426667
- परिक्षेत्र अधिकारी, भोरमदेव अभयारण्य: 7000030662
वन विभाग के अनुसार, आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने का अभियान लगातार जारी है।



















