
रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पहले भी चोरी और लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
घर के ताले तोड़कर अलमारी से उड़ाए थे जेवर और नकदी
पुलिस के अनुसार, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा ने डीडी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अक्टूबर 2026 की रात वह घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। अगले दिन सुबह लौटने पर घर के दरवाजों के ताले टूटे मिले। कमरे का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का दरवाजा तथा लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 676/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। इसके अलावा पूर्व में चोरी और नकबजनी के मामलों में शामिल आरोपियों तथा हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टिकरापारा क्षेत्र के मोतीनगर निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
डेढ़ लाख का सामान और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LU 4432 जब्त की है। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पहले भी आपराधिक मामलों में जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पहले टिकरापारा थाने के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (18 वर्ष), निवासी भैरव नगर, मोतीनगर, टिकरापारा।
- शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ (19 वर्ष), निवासी मोतीनगर, टिकरापारा।
- परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (20 वर्ष), निवासी जाली फैक्ट्री रोड, मोतीनगर, टिकरापारा।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।



















