
रायपुर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में राष्ट्रपति से शौर्य चक्र से सम्मानित सुरक्षा बल के जवानों से मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
वीर जवानों के साहस को सराहा
इस दौरान उन्होंने इंस्पेक्टर लक्ष्मण केंवट, इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख और रायफलमैन भोजराम साहू के साहसिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम किया।
परिजनों से भी की मुलाकात
उपमुख्यमंत्री ने सम्मानित जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और देश सेवा में उनके योगदान की सराहना की।
देश और प्रदेश को गर्व
विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी असाधारण वीरता और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया है।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा
उन्होंने कहा कि इन जवानों का शौर्य और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा राष्ट्र सेवा के प्रति युवाओं को प्रेरित करता रहेगा।

















