शिक्षा से जुड़ेगा हर बच्चा, तभी बनेगा सशक्त समाज: कलेक्टर विश्वदीप

0
20

बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास, बेहतर भविष्य और सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे का विद्यालय से जुड़ना उसका अधिकार होने के साथ-साथ समाज के विकास के लिए भी जरूरी है।

नक्सलमुक्त क्षेत्रों में फिर शुरू हो रहे स्कूल

कलेक्टर ने बताया कि माओवादी प्रभावित होने के कारण कई स्कूल और आश्रम-छात्रावास पहले अन्य स्थानों से संचालित किए जा रहे थे। अब क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनने और नक्सल प्रभाव कम होने के बाद इन्हें पुनः मूल स्थानों पर संचालित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

4300 बच्चे अब भी शिक्षा से दूर

जिले में वर्तमान में 4,300 से अधिक बच्चे शिक्षा से वंचित हैं, जिनमें शाला त्यागी और अप्रवेशी बच्चे शामिल हैं। इन्हें दोबारा विद्यालयों से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग विशेष अभियान चला रहा है।

घर-घर पहुंच रहे शिक्षक और अधिकारी

शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं तथा बच्चों का स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित करने के प्रयास कर रहे हैं।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

कलेक्टर विश्वदीप ने पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा के महत्व को समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित बच्चे ही आगे चलकर परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनसहयोग से अभियान को मिलेगी सफलता

उन्होंने जिलेवासियों से शिक्षा विभाग के अभियान में सक्रिय सहयोग देने और शाला त्यागी बच्चों को पुनः विद्यालयों से जोड़ने में भागीदारी निभाने की अपील की। कलेक्टर ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से जिले का हर बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here