
नई दिल्लीअपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में अलग पहचान बना चुके युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम की जर्सी मिलने के पल को बेहद खास और भावुक बताया है। उन्होंने कहा कि वह क्षण उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
BCCI द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में वैभव ने कहा कि उस अनुभव को शब्दों में बयान करना बेहद मुश्किल है। उनके मुताबिक, जिस सपने को लेकर उन्होंने पहली बार बल्ला उठाया था, टीम इंडिया की जर्सी पहनना उसी सफर का सबसे बड़ा पड़ाव है।
वैभव ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार भारतीय टीम की जर्सी देखी, तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि उनका सपना सच हो चुका है। उन्होंने कहा कि उस पल उनकी खुशी इतनी ज्यादा थी कि वे मुस्कुराना बंद नहीं कर पा रहे थे।
बीसीसीआई ने वीडियो साझा करते हुए इसे देश के लिए एक खास पल बताया। 15 साल 71 दिन की उम्र में वैभव का चयन आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय सीनियर टीम में हुआ है।
इस चयन के साथ वैभव ने भारतीय टीम में सबसे कम उम्र में चुने जाने का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो पहले Sachin Tendulkar के नाम था। सचिन ने 1989 में 16 वर्ष 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पदार्पण किया था।
यदि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह भारतीय सीनियर पुरुष टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे।
वैभव को Rajasthan Royals के लिए IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय टीम में जगह मिली। उन्होंने 16 मैचों में 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी।
भारतीय टीम 26 और 28 जून को Ireland के खिलाफ बेलफास्ट में दो टी20 मुकाबले खेलेगी। इसके बाद 1 से 11 जुलाई तक England दौरे पर पांच टी20 मैच खेले जाएंगे। वहीं एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी।
















