
रायपुर के पश्चिम जोन में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस अभियान में लगभग 130 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
अभियान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, बीएसयूपी और आरडीए कॉलोनियों समेत अपराध प्रभावित इलाकों में सघन तलाशी और जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी।
कार्रवाई के दौरान 10 स्थायी वारंट और 6 गिरफ्तारी वारंट की तामिली की गई। साथ ही 25 निगरानी बदमाशों, 45 गुंडा बदमाशों और 2 चाकूबाजों का सत्यापन एवं सघन जांच की गई।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 22 संदिग्ध व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, वारंटियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके।


















