
रायपुर पुलिस ने शासकीय मदिरा दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी का झांसा देकर प्रार्थी और उसके परिचितों से कुल 4 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल फोन पर भर्ती संबंधी संदेश भेजकर संपर्क किया और सरकारी शराब दुकानों में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रार्थी और उसके साथियों से किस्तों में नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम वसूली गई।
आरोपियों ने जिला कोरबा की शासकीय विदेशी मदिरा दुकान के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर पीड़ितों को सौंपे। जांच में नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए। नौकरी न मिलने और पैसा वापस नहीं होने पर पीड़ित ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश साहू (27) और दिलीप यादव (32) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में धोखाधड़ी संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



















