कंपनी से कॉपर और ब्रास चोरी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

0
3

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित कामाख्या इंटरप्राइजेज कंपनी से कॉपर रोप, कॉपर प्लेट और ब्रास राउंड चोरी करने वाले दो चोरों सहित एक कबाड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कंपनी से करीब 2 लाख 42 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी किया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने देर रात कंपनी की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कॉपर व ब्रास के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद कंपनी कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध चोरी का सामान ले जाते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया सामान उन्होंने मोटरसाइकिल से ले जाकर एक कबाड़ी को बेच दिया था। पुलिस ने कबाड़ी की दुकान पर छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद किया। साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पन्ना लाल पवार, आकाश पारधी उर्फ बुटानु और राकेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here