
कोंडागांव जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
ACB के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता और बुआ का नाम नामांतरण रिकॉर्ड में जोड़ने के एवज में आरोपी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता आरोपी को पहले ही दो किस्तों में 35 हजार रुपये दे चुका था। इसके बाद तीसरी किस्त के रूप में 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
मंगलवार को तय योजना के तहत शिकायतकर्ता जैसे ही आरोपी को रकम देने पहुंचा, पहले से तैनात ACB टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी जब्त कर ली।
ACB के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विधिवत जांच और साक्ष्य जुटाने के पश्चात यह कार्रवाई की गई। आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।
फिलहाल प्रारंभिक जांच में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन मामले की विस्तृत जांच जारी है। ACB की इस कार्रवाई को सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।



















