
रायपुर अपराध नियंत्रण, दोपहिया वाहन चोरी की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार को शहरभर में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 35 से अधिक चेकिंग प्वाइंट पर एक साथ कार्रवाई करते हुए 850 से अधिक वाहनों की जांच की गई।
35 से अधिक स्थानों पर चला विशेष अभियान
पुलिस के अनुसार, यह अभियान 11 जुलाई 2026 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक शहर के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। इसमें थाना पुलिस और यातायात पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
संदिग्ध वाहनों और नियम उल्लंघन पर विशेष नजर
चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट, निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगे वाहन, संदिग्ध परिस्थितियों में संचालित वाहन, आवश्यक दस्तावेजों के बिना चल रहे वाहन तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।
87 वाहन चालकों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान 850 से अधिक दोपहिया और अन्य वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के पालन की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेज रखने, निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


















