
रायपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया तीनपहिया मालवाहक ऑटो, जिसकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये है, बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के तीन मामले दर्ज हैं।
सब्जी बाजार से चोरी हुआ था मालवाहक ऑटो
पुलिस के मुताबिक, पिंटू साहू ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रामनगर स्थित कबीर चौक सब्जी बाजार में सब्जी विक्रय का कार्य करता है। 7 जुलाई 2026 की रात उसने अपना मालवाहक ऑटो (सीजी 04 एमबी 6240) बाजार में लॉक कर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह पहुंचने पर वाहन वहां से गायब मिला।
शिकायत के आधार पर थाना गुढ़ियारी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढ़ियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अनिल कुमार नेताम की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया तीनपहिया मालवाहक ऑटो बरामद कर लिया गया।
पहले भी कर चुका है कई वाहन चोरियां
पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल कुमार नेताम (26), मूल निवासी सेलदीप, थाना कुरूद, जिला धमतरी तथा वर्तमान में कमल विहार, रायपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ धमतरी जिले के कुरूद और कोतवाली थाने में वाहन चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


















