मूकबधिर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म, 48 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

0
13

मुंगेली छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक मूकबधिर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है।

घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की सुबह पीड़िता अपने घर के आंगन में अकेली बैठी थी। आरोप है कि गांव का ही दीपक पटेल घर में घुसा, लोहे का गेट अंदर से बंद किया और युवती के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता दोनों हाथ-पैरों से दिव्यांग है और बोल नहीं सकती, हालांकि वह सांकेतिक भाषा से संवाद करती है।

विशेष शिक्षिका की मदद से दर्ज किया गया बयान

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता की मां ने लोरमी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ‘सत्य साईं हेल्प वे मूकबधिर आवासीय विद्यालय, मुंगेली’ की विशेष शिक्षिका की सहायता से सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) के माध्यम से पीड़िता का बयान दर्ज कराया। इसके साथ ही मेडिकल परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जांच के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दीपक पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here