बाल संप्रेक्षण गृह से 4 बाल अपचारी फरार, चौकीदार की हत्या के बाद वारदात को दिया अंजाम

0
9

बिलासपुर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सरकंडा बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। चार विधि से संघर्षरत बाल अपचारियों ने नाइट चौकीदार की हत्या कर परिसर से फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या और फरारी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

चौकीदार की हत्या कर हुए फरार

पुलिस के अनुसार, तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव निवासी नरेंद्र कुमार खांडे पिछले करीब एक वर्ष से संविदा पर नाइट चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार देर रात चारों बाल अपचारियों ने उन पर हमला किया, हाथ-पैर बांध दिए और गला दबाने के साथ मुंह में गमछा ठूंस दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी का DVR भी साथ ले गए

वारदात के बाद आरोपी दूसरे चौकीदार की मोटरसाइकिल और परिसर की चाबी लेकर फरार हो गए। जांच में पता चला कि वे छत के रास्ते कांटेदार तार हटाकर लकड़ी की सीढ़ी के सहारे परिसर से बाहर निकले। पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी जाते समय सीसीटीवी कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, ताकि उनके फरार होने के साक्ष्य न मिल सकें।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामान्यतः बाल अपचारियों को अलग-अलग कमरों में रखा जाता है, लेकिन घटना वाली रात चारों एक साथ मौजूद थे। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

परिजनों ने मुआवजे की मांग की

घटना के बाद मृतक चौकीदार के परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग को लेकर बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पूरी रात शव पहली मंजिल पर पड़ा रहा और समय पर किसी को घटना की जानकारी नहीं हुई।

तलाश में जुटी पुलिस

सरकंडा पुलिस ने हत्या और फरारी का मामला दर्ज कर अलग-अलग टीमें गठित की हैं। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है और फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here