एनडीपीएस मामलों में रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उत्तर प्रदेश से दो बेल जंपर स्थायी वारंटी गिरफ्तार

0
12

रायपुर एनडीपीएस (मादक पदार्थ) मामलों में प्रभावी अभियोजन और दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे ट्रायल मॉनिटरिंग अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गंज पुलिस ने उत्तर प्रदेश से फरार चल रहे दो बेल जंपर स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जमानत के बाद हो गए थे फरार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश हरिजन (प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) और जयबिग वर्मा (जौनपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों पहले थाना गंज के एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार हुए थे, लेकिन जमानत मिलने के बाद लगातार अदालत में पेश नहीं हुए। इसके बाद विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

विशेष अभियान के तहत हुई गिरफ्तारी

रायपुर पुलिस ने लंबित मामलों की समीक्षा कर बेल जंपर आरोपियों की पहचान की और विभिन्न राज्यों में विशेष टीमें भेजीं। इसी अभियान के तहत दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया।

ट्रायल मॉनिटरिंग से बढ़ी दोषसिद्धि

पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 तक ट्रायल मॉनिटरिंग अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

  • दोषसिद्धि वाले प्रकरण 89 से बढ़कर 128 हुए (43.8% वृद्धि)।
  • दोषसिद्ध अपराधियों की संख्या 161 से बढ़कर 206 हुई (28% वृद्धि)।
  • 10 वर्ष से अधिक सजा वाले मामलों में दोषसिद्धि 14 से बढ़कर 37 हुई (164.3% वृद्धि)।
  • 10 वर्ष से अधिक सजा पाने वाले दोषियों की संख्या 34 से बढ़कर 71 हुई (108.8% वृद्धि)।

रायपुर पुलिस ने कहा है कि एनडीपीएस मामलों में फरार और बेल जंपर आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण हो और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here