मोबाइल हैक कर 3.94 लाख की साइबर ठगी, झारखंड से दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

0
325

रायपुर। राजधानी रायपुर में मोबाइल हैक कर बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को रायपुर पुलिस ने झारखंड के बोकारो से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने फर्जी मैसेज भेजकर पीड़ित का मोबाइल हैक किया और बैंक खातों से कई किश्तों में रकम निकाल ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और 2,000 रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, डीडी नगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नवंबर 2025 में उनके मोबाइल पर कई संदिग्ध संदेश आए। मैसेज खोलने के बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से 8 से 10 नवंबर के बीच अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3.94 लाख रुपये निकाल लिए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर विशाल कुमार सिंह (26) और महेश प्रसाद सिंह (34) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से अवैध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए साइबर ठगी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने बताया कि जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। इस मामले में डीडी नगर थाना में धारा 318(4) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here