
शास्त्री बाजार से चोरी हुई होंडा प्लेजर बरामद, संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
रायपुर राजधानी में दोपहिया वाहन चोरी के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई होंडा प्लेजर भी बरामद कर ली है।
शास्त्री बाजार से हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी तौसिफ खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई 2026 को उन्होंने अपनी होंडा प्लेजर (CG 04 DK 5384) शास्त्री बाजार स्थित मछली मार्केट के सामने खड़ी कर दुकान के अंदर गए थे। लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला। शिकायत के आधार पर थाना गोलबाजार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शिव शंकर नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने वाहन चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
चोरी की बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹25 हजार कीमत की चोरी हुई होंडा प्लेजर बरामद कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव शंकर नेताम (25 वर्ष) निवासी संजय नगर, बड़ा हनुमान मंदिर के पास, टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है।



















