
हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग ने लिया विकराल रूप, 13 दमकल वाहनों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित ऑक्टोपस बार के पास मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार दुकानें जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास के कई प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई लपटें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले एक हार्डवेयर दुकान में लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऑक्टोपस बार सहित आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से वहां खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
बारिश भी नहीं रोक सकी आग का कहर
घटना देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। उस समय शहर में तेज बारिश हो रही थी, लेकिन इसके बावजूद आग की लपटें लगातार फैलती रहीं। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। बुधवार सुबह तक भी घटनास्थल से धुआं उठता रहा।
होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपना सामान निकालने का मौका भी नहीं मिला। प्रभावित दुकानदार बॉबी तोलानी ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरा परिसर आग की चपेट में आ चुका था। वहीं, पास के होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग के कारणों की जांच जारी
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि शुरुआती जांच में आग हार्डवेयर दुकान से शुरू होने की बात सामने आई है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।
नुकसान का आकलन कर रहा प्रशासन
रायपुर जिला प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर दमकल और प्रशासन की टीमें अब भी घटनास्थल पर तैनात हैं।



















