
गौरेला-पेंड्रा-मरवाहीजिले के मरवाही थाना क्षेत्र के मड़वाही गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। धान की रोपाई कर रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ काम कर रही छह अन्य महिलाएं झुलसकर घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज मरवाही अस्पताल में चल रहा है।
खेत में काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मड़वाही गांव में कई महिलाएं खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मरवाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह
घटना के बाद मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि बिजली चमकने और गरज के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेना ही सबसे प्रभावी बचाव है।















