
कटघोरा वनमंडल के छिंदिया गांव में चला लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन, जेसीबी और बांस की सीढ़ी की मदद से बचाई जान
रायपुर कटघोरा वनमंडल के केंदई परिक्षेत्र स्थित ग्राम छिंदिया में कुएं में गिरे एक भालू को वन विभाग ने करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया। अभियान के सफल होने पर वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
सुरक्षा घेरा बनाकर शुरू किया गया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के सहयोग से कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई, ताकि शांत माहौल में रेस्क्यू अभियान चलाया जा सके।
जेसीबी और बांस की सीढ़ी से बनाई गई राह
कुएं की अधिक गहराई के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद वन विभाग ने जेसीबी मशीन की मदद से कुएं के एक हिस्से में ढलाननुमा रास्ता तैयार किया और अंदर मजबूत बांस की सीढ़ी उतारी। भीड़ को नियंत्रित कर पूरे क्षेत्र में शांत वातावरण बनाए रखा गया।
रात 9:30 बजे खुद बाहर निकला भालू
वन विभाग की रणनीति सफल रही और रात करीब 9:30 बजे भालू सीढ़ी और ढलान के सहारे स्वयं कुएं से बाहर निकलकर पास के जंगल में चला गया। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद अधिकारियों और ग्रामीणों ने संतोष जताया।
वन विभाग ने जारी की अपील
यह अभियान वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव कुएं, गड्ढे या अन्य स्थान पर फंस जाए तो स्वयं बचाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल विभाग को सूचना दें। साथ ही खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा दीवार या घेरा बनाने की भी सलाह दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।













