
भिलाई नगर। प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने शुक्रवार को अंबेडकर चौक, पावर हाउस में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर तोड़कर और बिजली बिल जलाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई, जब पुलिस ने मीटर तोड़ने और बिल जलाने से रोकने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारी अपने साथ स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हो रही है और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री को ज्ञापन सौंपकर बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की। विभागीय अधिकारियों ने मांगों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
**जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन करेगी।**


















