खेल मैदान बचाने सड़क पर उतरे खिलाड़ी, बीच सड़क क्रिकेट और फुटबॉल खेलकर किया प्रदर्शन

0
99

नीमच शहर के क्रमांक-2 खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर ‘खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति’ का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को खिलाड़ियों, युवाओं और समिति के सदस्यों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए भारत माता चौराहा (फोर जीरो) पर सड़क के बीच क्रिकेट और फुटबॉल खेलकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शन से पहले ‘संकल्प पर्यावरण संस्था’ के सदस्यों और खिलाड़ियों ने खेल मैदान में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान करीब डेढ़ ट्रॉली गाजर घास हटाई गई और पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए।

संघर्ष समिति का कहना है कि उनका विरोध स्कूल निर्माण से नहीं, बल्कि खेल मैदान पर भवन निर्माण से है। समिति ने मांग की है कि सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल का निर्माण किसी वैकल्पिक स्थान पर किया जाए, ताकि खेल मैदान खिलाड़ियों और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित रह सके।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह मैदान वर्षों से क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। सड़क पर खेलकर उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि यदि खेल मैदान समाप्त होते गए, तो आने वाली पीढ़ियों को खेल के लिए सड़कों का सहारा लेना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here