अमरनाथ यात्रा आज से अस्थायी रूप से स्थगित, बारिश के बाद लिया गया फैसला

0
12

रायपुरजम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए अमरनाथ यात्रा को आज से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। पहलगाम और बालटल, दोनों यात्रा मार्गों पर फिलहाल श्रद्धालुओं की आवाजाही स्थगित रहेगी।

मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से रविवार को किसी नए जत्थे को रवाना नहीं किया। प्रशासन का कहना है कि मौसम और मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

1202 श्रद्धालुओं का जत्था जम्मू रवाना

इस बीच बालटल बेस कैंप में ठहरे 1202 तीर्थयात्रियों वाले 28वें जत्थे को 44 वाहनों के काफिले के साथ जम्मू के लिए रवाना किया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

रविवार से यात्रा स्थगित होने से पहले शनिवार को 3336 श्रद्धालुओं ने पवित्र अमरनाथ गुफा में दर्शन किए। इस वर्ष अब तक अमरनाथ यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 4 लाख 80 हजार 19 पहुंच चुकी है।

3 जुलाई से शुरू हुई थी यात्रा

इस वर्ष 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को पहलगाम के पारंपरिक चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल के बालटल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी। यात्रा के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं।

यात्रा का समापन 28 अगस्त को पारंपरिक छड़ी मुबारक समारोह के साथ निर्धारित है। फिलहाल मौसम को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है और आगे की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here