
कबीरधाम कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को उनके घर पहुंचकर तीनों बहनों से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं के माता-पिता भगवती महोबिया और राम महोबिया सहित परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना गौरव की बात है और यह क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।
घर पर ऑनलाइन तैयारी कर हासिल की सफलता
तीनों बहनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से NEET की तैयारी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक-दूसरे का सहयोग किया और लगातार मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल किया।
ज्योति और सुमन ने अपने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा उत्तीर्ण की है। दोनों ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से स्कूली शिक्षा पूरी की। वहीं बड़ी बहन किरण ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की और उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से पढ़ाई की है।
मेडिकल शिक्षा के साथ सेवा का भाव रखने की अपील
मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने तीनों छात्राओं से उनकी पढ़ाई, NEET की तैयारी और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद भी वे इसी तरह मेहनत जारी रखें और अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करें।
उन्होंने छात्राओं से डॉक्टर बनने के बाद अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा और अनुभव हासिल करने के साथ जरूरतमंद लोगों की सेवा को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।














