रात्रि गश्ती में अवैध सागौन से लदा पिकअप जब्त, 26 लट्ठे बरामद

0
11

कोरबावन विभाग की टीम ने रात्रि गश्ती के दौरान अवैध सागौन लकड़ी से लदा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन जब्त किया है। वाहन से सागौन के 26 लट्ठे बरामद किए गए हैं।

वन विभाग को कोरबा वन परिक्षेत्र के भूलसीडीह क्षेत्र में सागौन की अवैध कटाई और परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद झगराहा से भूलसीडीह वन नाके के बीच वन मार्ग पर निगरानी बढ़ाई गई।

रात्रि गश्ती के दौरान जंगल की ओर से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 13 AY 1202 को रोककर जांच की गई। वाहन में अवैध रूप से ले जाए जा रहे सागौन के 26 लट्ठे मिले।

85 हजार रुपए की लकड़ी जब्त

वन विभाग के अनुसार बरामद सागौन की मात्रा करीब 2 घन मीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 85 हजार रुपए बताई गई है। टीम ने वाहन और लकड़ी दोनों जब्त कर भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत पी.ओ.आर. दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई वन मंडलाधिकारी कोरबा जितेंद्र कुमार उपाध्याय के आदेश और उप वन मंडलाधिकारियों राम सिंह राठिया एवं सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी मृत्युंजय शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

ग्रामीणों और वन समितियों का सहयोग

अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना देने में स्थानीय मुखबिरों और संयुक्त वन प्रबंधन समिति डुमरडीह-भूलसीडीह के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने उनके सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की सतर्कता से वन अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here