नेपाल में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही, 7 की मौत; कई लोग लापता

0
76

काठमांडू/नई दिल्ली उत्तरी नेपाल में भोटे कोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बुधवार को आई फ्लैश फ्लड ने रसुवा जिले में भारी तबाही मचा दी। तिब्बत सीमा के पास स्थित कई इलाकों में घर, वाहन, पुल और बुनियादी ढांचा परियोजनाएं बाढ़ की चपेट में आ गईं। अब तक 7 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि कई लोगों के लापता होने की सूचना है।

सीमा चौकी के जवान और कर्मचारी लापता

अचानक आई बाढ़ के बाद उत्तरी रसुवा में सीमा चौकी पर तैनात नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के चार जवान लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रसुवा सीमा शुल्क कार्यालय के 14 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर हैं।

बाढ़ से क्षेत्र की बिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। नेपाल के स्वतंत्र बिजली उत्पादक संघ के अनुसार, 15 हाइड्रोपावर परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिनमें 10 चालू और 5 निर्माणाधीन परियोजनाएं शामिल हैं।

तिमुरे और स्याब्रुबेसी में सबसे ज्यादा असर

अधिकारियों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी में बाढ़ का पानी तिब्बत की ओर से आने की आशंका जताई गई है। तिमुरे और स्याब्रुबेसी की सीमावर्ती बस्तियां सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं।

बाढ़ में कई वाहन, व्यावसायिक सामान और अन्य संपत्तियां बह गईं। सीमा शुल्क परिसर में खड़े वाहन और सामान भी पानी में बहने की सूचना है। हाल ही में बनाया गया एक पुल भी बाढ़ में क्षतिग्रस्त होकर बह गया।

पांच जिलों में अलर्ट

नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने रसुवा के अलावा नुवाकोट, धाडिंग, चितवन और गोरखा में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का पूरा आकलन अभी बाकी है और मृतकों तथा लापता लोगों की संख्या बढ़ सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here