
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए बुधवार रात सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। कोतवाली और सिविल लाइन डिवीजन के थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान 22 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं नशे की हालत में वाहन चलाने वाले एक चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और उसकी ब्रेजा कार जब्त की गई।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सघन पेट्रोलिंग
पुलिस टीमों ने कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, तेलीबांधा और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर देर रात तक पेट्रोलिंग की।
टीआई चौक, बैजनाथपारा, नगर निगम भवन, जयस्तंभ चौक, रजबंधा मैदान, रेलवे स्टेशन, गंजपारा सहित अन्य इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
कोतवाली में 8, गोलबाजार में 5, मौदहापारा में 2, गंज में 4, सिविल लाइन में 4, तेलीबांधा में 3 और देवेंद्र नगर में 1 व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार कुल 22 व्यक्तियों पर धारा 170/126, 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
नशे में वाहन चलाने पर कार्रवाई
रात्रि चेकिंग के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई। एक चालक के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और ब्रेजा कार जब्त की गई। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई तथा कुछ वाहनों से ब्लैक फिल्म भी हटवाई गई।
नाबालिग वाहन चालकों को समझाइश
चेकिंग के दौरान कुछ संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पहचान और आवश्यक जानकारी का सत्यापन करने के बाद संतुष्ट पाए जाने पर उन्हें समझाइश देकर छोड़ा गया। वहीं नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई और उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रायपुर पुलिस ने कहा कि रात के समय अपराध, नशाखोरी, हुल्लड़बाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए गश्त और चेकिंग लगातार जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने या नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















