
रायपुर टिकरापारा थाना पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 70 नग देशी मदिरा मसाला शराब, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 12.600 लीटर शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है।
रोहणभांठा मैदान में बेच रहा था शराब
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव के रोहणभांठा मैदान में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान तुषार सेन उर्फ राजा सेन (24 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 70 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई।
लाइसेंस नहीं मिला, आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और बिक्री करने से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 860/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी तुषार सेन उर्फ राजा सेन, पिता स्व. हरीशचन्द्र सेन, न्यू सुभाष नगर, मां शारदा गन हाउस के पीछे, थाना टिकरापारा, रायपुर का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 24 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


















