
मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथियों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण के लिए आज से वार्षिक हाथी रिजुविनेशन कैंप शुरू होगा। यह विशेष कैंप 15 से 20 सितंबर तक चलेगा। इसका शुभारंभ सूपखार परिक्षेत्र में किया जाएगा।
16 हाथियों को मिलेगी विशेष देखभाल
कान्हा टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 16 विभागीय हाथी हैं। कैंप के दौरान इन हाथियों को नियमित कार्य से विश्राम देने के साथ विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस दौरान हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की जाएगी। साथ ही नाखूनों की ट्रिमिंग, कृमिनाशक उपचार और जरूरत के अनुसार दांतों की देखभाल भी की जाएगी।
पौष्टिक आहार और तेल मालिश की भी व्यवस्था
कैंप में हाथियों को उनकी जरूरत के अनुसार पौष्टिक आहार दिया जाएगा। नियमित स्नान के साथ तेल मालिश भी कराई जाएगी, ताकि उनकी शारीरिक तंदुरुस्ती बनी रहे।
हाथियों की उम्र और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यभार का भी आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर उनके काम की समीक्षा की जाएगी।
प्रबंधन के अनुसार, वार्षिक रिजुविनेशन कैंप का उद्देश्य विभागीय हाथियों की शारीरिक और मानसिक सेहत बेहतर बनाए रखना और लंबे समय तक उनके स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को सुरक्षित रखना है।



















