
मुंबई ‘मिर्जापुर’ की चर्चित दुनिया अब बड़े पर्दे पर भी अपना भौकाल बनाए हुए है। पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु और अली फज़ल स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच मेकर्स ने फिल्म के गाने ‘सांसों की माला’ का लिरिकल वीडियो रिलीज कर दिया है।
‘मिर्जापुर’ की पहचान जहां एक्शन, सत्ता, बदले और संघर्ष से रही है, वहीं इस गाने में कहानी का रोमांटिक और भावनात्मक पक्ष सामने आता है। लिरिकल वीडियो में फिल्म की अलग-अलग जोड़ियों की झलक देखने को मिलती है, जिसमें उनके रिश्तों और केमिस्ट्री को उभरते हुए दिखाया गया है।
भौकाल के बीच दिखा इश्क का रंग
‘सांसों की माला’ के जरिए मेकर्स ने ‘मिर्जापुर’ के किरदारों की जिंदगी का एक अलग पहलू पेश किया है। हिंसा और सत्ता की लड़ाई के बीच प्यार और रिश्तों की भावनाओं को भी गाने में जगह दी गई है।
मशहूर ट्रैक को नए अंदाज में पेश किया गया है। इसकी धुन और विजुअल्स ‘मिर्जापुर’ की रॉ और तनावपूर्ण दुनिया के बीच एक सुकून भरा एहसास देते हैं।
मधुर शर्मा की आवाज में सजा गाना
‘सांसों की माला’ को मधुर शर्मा ने अपनी आवाज दी है। वैभव पानी ने गाने को कंपोज करने के साथ इसे प्रोड्यूस भी किया है, जबकि इसके बोल नुसरत फतेह अली खान के हैं।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिरिकल वीडियो शेयर करते हुए गाने की पंक्ति “सांसों की माला पे, सिमरूं मैं पी का नाम” के साथ इसकी रिलीज की जानकारी दी।
सिनेमाघरों में जारी है ‘मिर्जापुर’ का जलवा
अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। अब ‘सांसों की माला’ के लिरिकल वीडियो ने फिल्म की कहानी के साथ उसके संगीत को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

















