
कवर्धा कबीरधाम जिले की नगर पंचायत बोड़ला के वार्ड नंबर-14 की बेटी गीता यादव ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में जिले का नाम रोशन किया है। गीता भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का हिस्सा रहीं, जिसने चीन की धरती पर मेजबान टीम को 1-0 से हराकर विमेंस जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल में चीन को दी शिकस्त
हुलुनबुइर के मोकी ट्रेनिंग बेस में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत और चीन के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैच के 17वें मिनट में सानिका चंद्रकांती माने ने फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया और चीन को बराबरी का गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। निर्धारित समय तक बढ़त बरकरार रखते हुए भारत ने खिताब अपने नाम कर लिया।
भारत ने लगातार तीसरी बार जीती ट्रॉफी
इस जीत के साथ भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की। इससे पहले भारत ने 2023 और 2024 में भी यह खिताब जीता था।
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। ग्रुप चरण में टीम ने तीन मुकाबले जीते और एक मैच ड्रॉ खेला। ग्रुप में शीर्ष पर रहने के बाद भारत ने फाइनल तक अपना अजेय अभियान जारी रखा और बिना कोई मुकाबला गंवाए ट्रॉफी पर कब्जा किया।
गीता के प्रदर्शन की भी हुई चर्चा
बोड़ला की गीता यादव पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का हिस्सा रहीं और उनके प्रदर्शन की लगातार चर्चा हुई। पिछले मुकाबले में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का सम्मान भी मिला था। फाइनल में भी उन्होंने टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया।
गीता की इस उपलब्धि से बोड़ला के साथ-साथ पूरे कबीरधाम जिले में खुशी का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए गीता ने भारतीय जूनियर टीम में अपनी जगह मजबूत की है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के खेल प्रेमी और स्थानीय लोग गर्व की उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।
















