बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाएं संबंधित विभाग : कलेक्टर अजीत वसंत

0
14

सीएम हेल्पलाइन की 85 फीसदी से अधिक शिकायतों के निराकरण का लक्ष्य, जनपद पंचायतवार निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा


अंबिकापुर कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

खरसिया नाका समेत कई स्थानों की सड़कों पर तत्काल सुधार के निर्देश
कलेक्टर ने शहर के खरसिया नाका, लुचकी घाट, गांधी चौक से रेलवे स्टेशन मार्ग सहित नगरीय क्षेत्र और अन्य स्थानों पर बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गड्ढों को भरने और सड़कों का समतलीकरण कराने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई और संबंधित निर्माण विभागों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

खरसिया नाका क्षेत्र में जल संसाधन विभाग की नहर पर हुए अतिक्रमण को लेकर भी कलेक्टर ने कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधितों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा, ताकि आवागमन सुचारू हो सके।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

जिले में जिला और ब्लॉक स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। कलेक्टर ने कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने को कहा। अभियान के तहत पीएम आवास और महतारी वंदन योजना सहित अन्य हितग्राहियों के परिवारों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा।

इसके अलावा स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली केंद्र, अटल चौक और अन्य शासकीय संस्थानों के साथ गांधी स्टेडियम, चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, अमृत सरोवर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। कलेक्टर ने सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करने और एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण पर जोर
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को 85 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। पंचायत, नगरीय प्रशासन और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। 85 प्रतिशत से कम निराकरण वाले विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।

जनपद पंचायतवार निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों में स्वीकृत और प्रगतिरत निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन योजना, आंगनबाड़ी भवन, हैंडपंप, बोरवेल, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और शौचालय निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने 15वें वित्त आयोग से उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्य स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बारिश अब समाप्ति की ओर है, इसलिए जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। वहीं प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

उन्होंने ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार वीबी-जी राम-जी के तहत बालिकाओं के लिए स्कूलों में शौचालय निर्माण के कार्य स्वीकृत करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जाति और जन्म प्रमाण पत्र, डीएमएफ से जुड़े कार्य, मुआवजा प्रकरण, अतिक्रमण तथा कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत और पीजी पोर्टल से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान डीएफओ लोकनाथ पटेल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here