धड़कपुर में फिर लौटेगी दोगुनी अफरातफरी, 1 अक्टूबर को होगा ‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर

0
104

मुंबई धड़कपुर की गलियों में एक बार फिर हंसी, हलचल और नई परेशानियों का दौर शुरू होने वाला है। प्राइम वीडियो ने अपनी हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘दुपहिया’ सीजन 2 के प्रीमियर की तारीख का ऐलान कर दिया है। सीरीज का नया सीजन 1 अक्टूबर 2026 को भारत समेत दुनियाभर के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा।

काल्पनिक गांव धड़कपुर की कहानी पर आधारित यह कॉमेडी-ड्रामा अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। पहले सीजन में अपनी सादगी और छोटे शहर की दिलचस्प दुनिया से दर्शकों का मनोरंजन करने वाली यह सीरीज अब नई चुनौतियों और पहले से ज्यादा अफरातफरी के साथ वापसी कर रही है।

पुराने किरदारों के साथ नई कहानी

‘दुपहिया’ सीजन 2 का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। सीरीज को सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले बनाया और निर्मित किया है। वहीं, अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग इसके क्रिएटर और लेखक हैं।

नए सीजन में पहले सीजन की स्टारकास्ट भी वापसी कर रही है। इसमें गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस बार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी कलाकारों की टीम में शामिल हो गए हैं।

हंसी के साथ भावुक पल भी आएंगे

प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया के ओरिजिनल्स (SVOD) के निदेशक एवं प्रमुख निखिल माधोक ने कहा कि पहले सीजन को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और सीरीज के किरदार लोगों के बीच चर्चा का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि नए सीजन में वही सादगी और हल्का-फुल्का अंदाज बरकरार रहेगा, लेकिन इस बार किरदारों के सामने नई चुनौतियां और अप्रत्याशित मोड़ होंगे।

वहीं, क्रिएटर्स और कार्यकारी निर्माता सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने कहा कि ‘दुपहिया’ ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि में बड़े सपनों और रोजमर्रा की परेशानियों के बीच की कहानी है। उनके मुताबिक, सीजन 2 में दर्शकों को ज्यादा हास्य के साथ कुछ भावुक और दिल को छू लेने वाले पल भी देखने को मिलेंगे।

‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर 2026 को सिर्फ प्राइम वीडियो पर होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here