
मुंबई फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। ट्रेलर रिलीज से पहले मेकर्स ने फिल्म की नई स्टारकास्ट का एक मजेदार इंट्रोडक्शन वीडियो जारी किया है। इसमें अनुभव बस्सी, गुरलीन पन्नू और देवेश दीक्षित नए कलाकारों से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आने जा रहे स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा को बस्सी, पन्नू और दीक्षित के मजेदार सवालों का सामना करना पड़ता है।
मजेदार सवालों से हुई कास्ट की खिंचाई
वीडियो में तीनों कलाकार नई कास्ट को लेकर मजाकिया अंदाज में सवाल करते दिखाई देते हैं। “हैं कौन ये लोग?” जैसे सवालों से लेकर फिल्म को लेकर मजेदार टिप्पणियों तक, वीडियो में कलाकारों के बीच खूब हंसी-मजाक देखने को मिलता है।
अनुभव बस्सी, गुरलीन पन्नू और देवेश दीक्षित का रोस्टिंग अंदाज नए कलाकारों के साथ बातचीत को और मजेदार बना देता है। वहीं, छह नए कलाकारों की एनर्जी भी वीडियो में साफ नजर आती है।
21 सितंबर को रिलीज होगा ट्रेलर
मेकर्स ने यह वीडियो ट्रेलर से पहले जारी किया है। माना जा रहा है कि इसका मकसद फिल्म के युवा कलाकारों से दर्शकों को रूबरू कराने के साथ ट्रेलर को लेकर उत्सुकता बढ़ाना है। ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का ट्रेलर 21 सितंबर 2026 को रिलीज होगा।
फिल्म को लव फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है। इसका निर्देशन अनुज सैनी ने किया है, जबकि लव रंजन और अंकुर गर्ग फिल्म के निर्माता हैं।
‘पहला प्यार दूसरी बार’ 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

















