
एशियन गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की निशानेबाज नीरू ढांडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में नीरू ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
28 सटीक निशानों के साथ बनाया एशियन रिकॉर्ड
फाइनल में नीरू ने 30 में से 28 निशाने सटीक लगाए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने नया एशियन रिकॉर्ड बनाया और महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गईं।
टीम स्पर्धा में भी जीता रजत
नीरू ने इसी दिन आशिमा अहलावत और मनीषा कीर के साथ महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने कुल 328 अंक हासिल किए।
टीम में नीरू ने 118, आशिमा अहलावत ने 106 और मनीषा कीर ने 104 अंक बनाए। चीन के बाद भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही।
मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भी चुनौती
व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन के बाद नीरू ढांडा और काइनन चेनाई की भारतीय जोड़ी ने 30 सितंबर को ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में हिस्सा लिया। इस स्पर्धा का क्वालिफिकेशन राउंड सुबह और फाइनल दोपहर 2:30 बजे निर्धारित था।
मध्यप्रदेश की खेल अकादमी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक
नीरू और मनीषा की उपलब्धि मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भोपाल स्थित अकादमी में खिलाड़ियों के लिए ट्रैप और स्कीट रेंज सहित आधुनिक शूटिंग सुविधाएं, प्रशिक्षण, आवास और भोजन की व्यवस्था उपलब्ध है।
नीरू ने इससे पहले 2026 में इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में महिला ट्रैप स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता था।
खेल मंत्री ने दी बधाई
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नीरू ढांडा और मनीषा कीर को एशियन गेम्स में उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
नीरू का ऐतिहासिक स्वर्ण और मनीषा का रजत पदक भारतीय निशानेबाजी के साथ-साथ मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।


















