जशपुर में 65 गौवंशों से भरा कंटेनर पकड़ा, 2 की मौत; एक गिरफ्तार, तस्करी के लिए रेकी कर रही कार भी जब्त

0
9
Nby

छत्तीसगढ़ से झारखंड ले जाए जा रहे थे गौवंश, ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस की कार्रवाई; तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी


जशपुर। छत्तीसगढ़ से झारखंड तक गौवंशों की तस्करी का मामला सामने आया है। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 67 गौवंशों से भरा कंटेनर ट्रक पकड़ा, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने ट्रक चालक रेहान अंसारी (34), निवासी जिला गुमला, झारखंड को गिरफ्तार किया है। तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार भी जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर की सुबह सूचना मिली थी कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में अंबिकापुर की ओर से बड़ी संख्या में गौवंश भरकर बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

सुबह करीब 4:30 बजे संदिग्ध कंटेनर पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम खंटाडांड़ में कंटेनर को रोक लिया। तलाशी के दौरान अंदर 67 गौवंश अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। इनमें दो मृत पाए गए।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रेहान अंसारी, निवासी ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड के रूप में बताई। गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने गौवंशों को बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत गौवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया और कंटेनर को जब्त कर लिया गया।

तस्करी के रास्ते की रेकी कर रही थी कार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की। पुलिस के अनुसार, इस कार का इस्तेमाल गौ-तस्करी के रास्ते की रेकी करने के लिए किया जा रहा था। कार से जुड़ा आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी रेहान अंसारी के खिलाफ बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 264/26 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

जनवरी से अब तक 1108 गौवंश मुक्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जनवरी 2026 से अब तक जिले में गौ-तस्करी के 98 मामलों में 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया है। इन मामलों में 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 36 वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि गौवंशों के अवैध परिवहन में शामिल लोगों के साथ-साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here