बालोद एसिड अटैक का खुलासा: शादी से इनकार पर युवती पर तेजाब फेंकने की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार

0
4


बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती पर हमला किसी अज्ञात व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके कथित प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर साजिश के तहत करवाया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर (20), निवासी नेवारीकला, जिला बालोद और करण कुंजाम (20), निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के रूप में हुई है।

लाइब्रेरी से लौटते समय हुआ था हमला

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान उस पर तेजाब फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसे जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शहर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश सोनकर पर गया।

पूछताछ में साजिश का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यश सोनकर ने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि युवती के शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज होकर यश ने अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब तीन महीने पहले साजिश रची थी और युवती को मनाने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी।

गणेश झांकी के दौरान हमले की बनाई थी योजना

पुलिस जांच के मुताबिक, यश ने 26 सितंबर को करण को बालोद बुलाया था। अगले दिन दोनों ने तेजाब खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई। हालांकि, उस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उन्होंने वारदात को अंजाम नहीं दिया। इसके बाद दोनों सही मौके का इंतजार करने लगे।

5 अक्टूबर को करण ने फेंका तेजाब

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को यश के कथित निर्देश पर करण ने युवती पर तेजाब फेंका। वारदात के बाद करण तांदुला बांध की ओर भाग गया। पुलिस का कहना है कि वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। बाद में पुलिस ने तलाश के दौरान उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।

तेजाब और कपड़े जब्त

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तेजाब और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

बालोद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या उन्हें परेशान करने जैसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here