
रायपुर। भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 19वीं राष्ट्रीय पैरा केनो चैंपियनशिप का आयोजन 26 से 28 अक्टूबर तक भोपाल में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की पैरा केनो टीम रायपुर से भोपाल के लिए रवाना हो गई है।
रवाना होने से पहले टीम के सभी खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया से मुलाकात की। इस दौरान भाटिया ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
भोपाल में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
















