रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त अभियान, एक रात में 40 चालक शराब के नशे में पकड़े गए

0
7

रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। 25 अक्टूबर की रात शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर की गई जांच में 40 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इनके सहित कुल 53 वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच में नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान में कार, टाटा एस पिकअप, ई-रिक्शा, मेटाडोर और दोपहिया वाहनों समेत विभिन्न श्रेणियों के वाहनों की जांच की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी।

2026 में अब तक 4,132 ड्रंक एंड ड्राइव के मामले

यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के 4,132 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस की नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में वैकल्पिक परिवहन साधन का उपयोग करें या किसी नशामुक्त चालक की मदद लें। नशे में वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ उसके परिवार और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here