
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 92 आधुनिक मशीनें तैनात, 1,918 टर्नआउट टैंपिंग और 216 किमी रेल पथ की डीप स्क्रीनिंग भी पूरी
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेल पटरियों के रखरखाव और सुरक्षित रेल परिचालन को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। रेलवे के पास वर्तमान में 92 आधुनिक ट्रैक मशीनें हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक इन मशीनों की मदद से 4,732 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैंपिंग और 1,918 टर्नआउट टैंपिंग का कार्य पूरा किया गया है। इसके अलावा 216 किलोमीटर रेल पथ की डीप स्क्रीनिंग भी की गई है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क लगभग 5,500 ट्रैक किलोमीटर में फैला हुआ है। इस नेटवर्क पर प्रतिदिन 400 से अधिक यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन होता है। इतने बड़े रेल नेटवर्क पर सुरक्षित और निर्बाध परिचालन बनाए रखने के लिए पटरियों की लाइनिंग, लेवलिंग, अलाइनमेंट और बैलास्ट की गुणवत्ता का नियमित रखरखाव जरूरी है।
92 मशीनों के संचालन में लगे 900 कर्मचारी
रेलवे में सीएसएम, ड्योमैटिक, एमपीटी, यूनिमेट, बीसीएम, एफआरएम, पीक्यूआरएस, टी-28, बीआरएम, डीजीएस और यूटीवी सहित 92 आधुनिक ट्रैक मशीनें कार्यरत हैं। इनके संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 900 प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात हैं।
इन मशीनों की मदद से भारी अनुरक्षण कार्य कम समय में अधिक सटीकता के साथ किए जा रहे हैं। इससे उपलब्ध ट्रैफिक ब्लॉक का बेहतर उपयोग हो रहा है और ट्रेनों के परिचालन पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने में मदद मिल रही है। साथ ही रेलकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
ट्रैक और टर्नआउट नवीनीकरण का काम भी पूरा
अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच रेलवे ने 102 किलोमीटर शोल्डर बैलास्ट क्लीनिंग, 126 किलोमीटर ट्रैक रिन्यूअल और 69 टर्नआउट रिन्यूअल का कार्य भी पूरा किया है।
अक्टूबर 2026 में भी अनुरक्षण कार्य जारी रहे। इस दौरान 629 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैंपिंग, 183 टर्नआउट टैंपिंग और 24 किलोमीटर डीप स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 3 किलोमीटर शोल्डर बैलास्ट क्लीनिंग, 15.5 किलोमीटर ट्रैक रिन्यूअल और 4 टर्नआउट रिन्यूअल का काम पूरा किया गया।
130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए भी जरूरी अनुरक्षण
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में तीसरी, चौथी और नई रेल लाइनों के निर्माण के साथ मौजूदा पटरियों का रखरखाव भी लगातार किया जा रहा है। विशेष रूप से नागपुर-झारसुगुड़ा मुख्य रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से ट्रेनों के परिचालन को देखते हुए उच्च गुणवत्ता वाला ट्रैक अनुरक्षण महत्वपूर्ण है।
रेलवे के अनुसार, आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से पटरियों की निर्धारित ज्यामिति बनाए रखने, गिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और समय-समय पर ट्रैक एवं टर्नआउट का नवीनीकरण करने में मदद मिल रही है। इससे सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल परिचालन को मजबूती मिल रही है।














