
अक्टूबर 2026 में टोल वसूली 6,640 करोड़ रुपये के पार पहुंची, पिछले साल के मुकाबले 925 करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि; नकद भुगतान घटकर सिर्फ 4 करोड़ रुपये रह गया
नई दिल्ली । देशभर के नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर अक्टूबर 2026 में रिकॉर्ड टोल कलेक्शन दर्ज किया गया। इस महीने टोल वसूली 6,640 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई, जो पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 16 प्रतिशत से अधिक है। यह अब तक किसी एक महीने में हुआ सबसे अधिक टोल कलेक्शन बताया जा रहा है।
टोल कलेक्शन में हुई यह बढ़ोतरी देशभर में राजमार्गों पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही और आर्थिक गतिविधियों में तेजी को दर्शाती है।
पिछले साल के मुकाबले 16% से अधिक की वृद्धि
एक रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2025 में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर करीब 5,715 करोड़ रुपये का टोल कलेक्शन हुआ था। वहीं, अक्टूबर 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 6,640 करोड़ रुपये से अधिक हो गया।
इससे पहले एक महीने में सबसे ज्यादा टोल कलेक्शन का रिकॉर्ड मई 2026 में बना था, जब करीब 6,185 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा रुझानों को देखते हुए इस साल कुल टोल कलेक्शन करीब 74,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
नकद भुगतान में भारी गिरावट, UPI से आए 100 करोड़
टोल भुगतान के तरीकों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अक्टूबर 2025 में नकद के जरिए 84 करोड़ रुपये का टोल कलेक्शन हुआ था, जो अक्टूबर 2026 में घटकर महज 4 करोड़ रुपये रह गया।
वहीं, अक्टूबर 2026 में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। खास बात यह है कि अक्टूबर 2025 में UPI के माध्यम से कोई टोल कलेक्शन दर्ज नहीं हुआ था।
डिजिटल भुगतान को मिल रहा बढ़ावा
राजमार्गों पर टोल शुल्क के भुगतान के लिए FASTag और UPI जैसे डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन के बढ़ते चलन से टोल प्लाजा पर नकद लेनदेन और उस पर निर्भरता लगातार कम हो रही है।
एक अधिकारी के मुताबिक, नकद लेनदेन पूरी तरह समाप्त होने से भुगतान प्रक्रिया में गड़बड़ी की गुंजाइश कम होगी। इसके अलावा, FASTag वार्षिक पास लेने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है, जिसे सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

















