महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियां पूरी, 19 नवंबर को होगा शुभारंभ

0
9

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश, प्रतियोगिता के उद्घाटन के साथ नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का होगा लोकार्पण

भोपाल। राजधानी भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में खेल विभाग, हॉकी इंडिया और मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) के अधिकारी मौजूद रहे।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

मंत्री सारंग ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने और आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के निर्देश दिए।

 19 नवंबर को खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण

मंत्री ने बताया कि 19 नवंबर को प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित यह परिसर प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने अधिकारियों को लोकार्पण समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

ब्रॉडकास्टिंग और इंटरनेट व्यवस्था पर जोर

प्रतियोगिता के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को देखते हुए ब्रॉडकास्टिंग, इंटरनेट कनेक्टिविटी, तकनीकी उपकरणों और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने मैचों का प्रसारण निर्बाध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके लिए कैमरा प्लेटफॉर्म, तकनीकी उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की समय रहते व्यवस्था करने को कहा गया। आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए प्रभावी कंट्रोल रूम भी तैयार किया जाएगा।

पूरे भोपाल में दिखेगा हॉकी का उत्सव

प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए शहर में व्यापक ब्रांडिंग की जाएगी। मंत्री ने प्रमुख चौराहों, मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और आयोजन स्थल के आसपास होर्डिंग, कटआउट, रूट ब्रांडिंग सहित अन्य प्रचार माध्यमों से आकर्षक सजावट करने के निर्देश दिए।

इसका उद्देश्य शहरवासियों में प्रतियोगिता के प्रति उत्साह बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ना है।

उद्घाटन समारोह की व्यवस्थाओं की समीक्षा

बैठक में आयोजन स्थल पर प्रवेश और निकास, मंच, पार्किंग, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, वेन्यू ब्रांडिंग और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था पर चर्चा हुई। मंत्री ने खिलाड़ियों, दर्शकों, अतिथियों और विशिष्ट व्यक्तियों के लिए अलग-अलग एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही एयरपोर्ट पर अतिथियों के स्वागत के लिए काउंटर स्थापित करने और आमंत्रण-पत्र वितरण, वीआईपी-वीवीआईपी अतिथियों की सूची, परिचय-पत्र तथा पास जारी करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

 प्रत्येक मैच के लिए बनेगी अलग कार्ययोजना

मंत्री सारंग ने उद्घाटन समारोह सहित सभी मैचों के लिए दर्शकों और अतिथियों की अलग-अलग कार्ययोजना तैयार करने को कहा। प्रत्येक मैच के मुख्य अतिथि, दर्शकों की संभावित संख्या, बैठने की व्यवस्था और दर्शकों की उपस्थिति का रोस्टर तैयार किया जाएगा।

स्टेडियम तक पहुंचने में दर्शकों को परेशानी न हो, इसके लिए रूट साइनेज, पार्किंग और प्रवेश-निकास की व्यवस्था भी प्रभावी बनाई जाएगी। मैचों के दौरान पर्याप्त लाइटिंग, कैमरा प्लेटफॉर्म और वीआईपी बैठक व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

मध्यप्रदेश के लिए गौरव का अवसर

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल और मध्यप्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल क्षमताओं और आधुनिक खेल अधोसंरचना को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह केवल एक अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों से पूर्ण प्रतिबद्धता एवं समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया, ताकि भोपाल में इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here