कबीरधाम में हाथियों का आतंक, एक सप्ताह में दो महिलाओं की मौत; खेत में काम कर रहा किसान घायल

0
302

जिले में दो अलग-अलग हाथी दल सक्रिय, फसलों और मकानों को भी पहुंचा रहे नुकसान; वन विभाग ने 20 गांवों में जारी किया अलर्ट

कवर्धा । कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्रों में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। एक सप्ताह के भीतर हाथियों के हमले में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। वहीं, रविवार को खेत में काम कर रहे एक किसान का हाथी से सामना हो गया। जान बचाने के लिए भागते समय किसान गिरकर घायल हो गया। जिले में हाथियों के दो अलग-अलग दल सक्रिय हैं। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी किया है।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

हाथी को देखकर भागा किसान, गिरने से हुआ घायल

तरेगांव वन परिक्षेत्र के शंभूपीपर गांव में रविवार को खेत में काम कर रहे किसान महेश अगरिया का अचानक जंगली हाथी से सामना हो गया। हाथी को सामने देखकर किसान जान बचाने के लिए भागने लगा, लेकिन इस दौरान गिरने से उसके पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं। घायल किसान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग की ओर से तत्काल सहायता के रूप में 500 रुपये दिए गए।

चार हाथियों का दल फसलों और मकानों को पहुंचा रहा नुकसान

दूसरी ओर, पंडरिया वन परिक्षेत्र के रुकमणीदादर, चौगड्डा और ठाड़पथरा क्षेत्र में चार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। यह दल खेतों में खड़ी फसलों को रौंदने, धान के ढेर को नुकसान पहुंचाने और मकानों को क्षति पहुंचाने की घटनाओं में शामिल बताया जा रहा है।

जून से झुंड से अलग घूम रहा अकेला दंतैल

जिले में हाथियों के दो अलग-अलग दल सक्रिय हैं। इनमें जून महीने में झुंड से बिछड़ा एक अकेला दंतैल हाथी भी शामिल है, जिसके हमलों में दो महिलाओं की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, चार हाथियों का दूसरा दल अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। जंगल से लगे गांवों में ग्रामीणों के लिए खेतों तक पहुंचना और रोजमर्रा के काम करना जोखिम भरा हो गया है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, गांवों में मुनादी

हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने तरेगांव वन परिक्षेत्र और आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ा दी है। विभागीय अमला गांव-गांव पहुंचकर मुनादी करा रहा है और लोगों को सतर्क रहने की समझाइश दे रहा है।

वन विभाग के अनुसार, 22 नवंबर को तरेगांव वन परिक्षेत्र के बोक्करखार सर्किल अंतर्गत ढोलबज्जा बीट में एक जंगली हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई थी। इसके बाद कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट के कक्ष क्रमांक 307 में भी हाथी के पदचिह्न और लीद मिले थे। अब तक इस क्षेत्र में फसल क्षति के दो मामले सामने आए हैं। विभाग के मुताबिक, इस क्षेत्र में मकान क्षति और जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

20 गांवों में अलर्ट जारी

वन विभाग ने आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी, बोलदा, बावापथरा, खरिया, मुड़घुसरी, मांदीभाठा, छीरपानी जलाशय, अगरी, भीरा, खुरमुंदा, भलपहरी और महली सहित आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है।

ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और अकेले जंगल में जाने से बचें। हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास न करें। हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। विभागीय अमला लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here